अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर स्वर्ण पदक जीतकर लौटा साहिल यादव। संवाद
अंबाला। रेलवे में वाणिज्यिक सह टिकट क्लर्क (सीसीटीसी) के तौर पर तैनात साहिल यादव ने स्वर्ण पदक जीतकर अंबाला रेल मंडल का नाम रोशन किया है।
यह उपलब्धि साहिल ने पुणे में आयोजित वरिष्ठ जिम्नास्टिक राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल की है। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग रेल मंडलों से लगभग 100 से अधिक खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर तैनात साहिल यादव ने बताया कि वो लगभग आठ वर्ष की उम्र से ही जिम्नास्टिक का अभ्यास कर रहा है।
पिछले वर्ष ही उसे खेल कोटे के तहत रेलवे में नौकरी मिली है। उसने अभी तक 10 राष्ट्र स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण सहित 10 पदक हासिल किए हैं। साहिल ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को दिखाने से पहले चार साल तक नई दिल्ली की राष्ट्रीय प्रशिक्षण सेंटर में उसने जी-तोड़ मेहनत की और यहां भी उत्कृष्ट रैंक हासिल किया।
साहिल ने बताया कि वो लगभग 18 वर्षों से लगातार जिम्नास्टिक का अभ्यास कर रहा है। एक भी दिन नहीं जाता, जब वो अंबाला छावनी के वार हीरोज स्टेडियम में अभ्यास करने न जाता हो।
ओलंपिक खेलने की इच्छा
साहिल ने बताया कि वह ओलंपिक में खेलना चाहते हैं। वो इसकी तैयारियों में पूरी तन्मयता से लगे हैं। हालांकि ओलंपिक के चयन की प्रक्रिया काफी सख्त है। फिर भी उन्हें उम्मीद है कि एक दिन उसका चयन भी ओलंपिक के लिए होगा। वहीं साहिल ने रेलवे का भी आभार प्रकट किया। जिनकी बदौलत उसे नौकरी मिली और अब प्रशिक्षण करने का समय भी मिल रहा है।