अंबाला सिटी। छावनी बस अड्डे के बाहर मई माह में ट्रांसपोर्टरों के दो गुटों के बीच हुए हमले में अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अरविंद कुमार बंसल की अदालत ने आरोपी साहिल कुमार को नियमित जमानत दे दी है। अदालत ने यह राहत पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से सह-आरोपियों को दी गई जमानत के आधार (समानता के सिद्धांत) पर प्रदान की है।
मामले के अनुसार, 9 मई 2026 को शिकायतकर्ता विवेक चौधरी अपने साथियों प्रताप सिंह, हेमंत, लखविंदर और जशन के साथ लाल कुर्ती पुलिस चौकी जाने के लिए बस अड्डे के बाहर खड़े थे। इसी दौरान रंजिश के कारण दूसरे गुट के आरोपियों ने उन पर चाकू, तलवार और डंडों से हमला कर दिया था, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इस संबंध में पड़ाव थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी।
बचाव पक्ष के वकील ने दलील दी कि आरोपी साहिल पर किसी विशेष चोट या हथियार के इस्तेमाल का आरोप नहीं है और मामले के अन्य सह-आरोपियों विशाल गुप्ता, मनोज कुमार, विशाल मल्होत्रा व कमलजीत सिंह को हाईकोर्ट से पहले ही जमानत मिल चुकी है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद अदालत ने साहिल को 75 हजार रुपये के निजी मुचलके व इतनी ही राशि के जमानती पर रिहा करने के आदेश दिए। साथ ही, अदालत ने आरोपी को बिना अनुमति देश न छोड़ने और गवाहों को प्रभावित न करने की सख्त हिदायत भी दी।