संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। छावनी में सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित सहायता सदन समिति ने अपने सेवा सफर के 20 साल पूरे कर लिए हैं। प्रधान वरिंदर कुमार वाही ने बताया कि वर्ष 2004 में महज 21 सदस्यों के साथ शुरू हुई यह समिति आज 50 सदस्यों के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और जन-जागरूकता के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। समिति ने इस बार केंद्र व राज्य सरकार से बुजुर्गों और निशक्तों के हक में बड़ी मांग उठाई है।
सहायता सदन समिति के अध्यक्ष दविंदर सिंह कोहली ने बताया, समिति ने बजट में 80 वर्ष से अधिक आयु के सुपर वरिष्ठ नागरिकों और मानसिक रूप से बीमार व्यक्तियों के लिए कम से कम पांच हजार रुपये मासिक पेंशन की मांग की है। इसके साथ ही, अंबाला-जगाधरी सड़क मार्ग पर रोड ओवर ब्रिज के निर्माण और कैंसर मरीजों के लिए निशुल्क दवाओं की व्यवस्था करने की अपील की गई है।