अंबाला। रेलवे स्टेशन पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ के उच्चाधिकारियों ने योजना तैयार की है। इसके लिए आरपीएफ की टीमों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बुजुर्गाें, महिलाओं व बच्चों को भी तुरंत सहायता प्रदान करने के लिए विशेष दस्ता तैनात किया जाएगा।
इसमें आरपीएफ की महिला कर्मचारी तैनात रहेंगी जो यात्रियों का मार्गदर्शन करेंगी। इसके अलावा भीड़भाड़ के दौरान रेलवे परिसर में बने आवागमन के रास्तों पर भी जगह खाली रखी जाएगी। वहीं प्लेटफार्म पर बनी पुल की सीढि़यों पर भी किसी यात्री को नहीं बैठने दिया जाएगा, ताकि पुल पर चढ़ते व उतरते समय यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े और भगदड़ के दौरान कोई घटना भी घटित न हो।
ट्रेनों की स्थिति पर नजर
बिहार व यूपी जाने वाली ट्रेनों पर आरपीएफ विशेष नजर रख रही है। कैंट स्टेशन पर ट्रेन के आने से पहले पिछले स्टेशन पर ही भीड़ का आकलन किया जा रहा है, ताकि कंफर्म टिकट यात्रियों को ट्रेन में चढ़ाने के लिए मशक्कत न करनी पड़े। रविवार को प्लेटफार्म दो व तीन पर काफी भीड़ नजर आई। एक तरफ अमृतसर-दरभंगा अनारक्षित ट्रेन खड़ी थी तो दूसरी तरफ ट्रेन नंबर 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस। दोनों ट्रेनों के एक साथ आने के कारण यात्रियों को काफी राहत हुई और वो अपने हिसाब से ट्रेन में सवार हो गए।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उच्चाधिकारियों के निर्देश पर योजना तैयार की गई है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके तहत कोच के बंद दरवाजों को खुलवाना, बुजुर्गाें, महिलाओं व बच्चों की मदद करना शामिल है।
-जावेद खान, प्रभारी आरपीएफ, अंबाला कैंट।