संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। अमृतसर में रहने वाले लड़की परिजनों से नाराज होकर गोल्डन टेंपल मेल में सवार हो गई, लेकिन कंट्रोल से संदेश मिलने के बाद लड़की को अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर संरक्षण में लिया गया। सूचना के बाद आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचे परिजनों से पूछताछ की गई और फिर कागजी कार्रवाई के बाद लड़की को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
आरपीएफ प्रभारी रविंदर सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात को सूचना मिली थी कि एक 15-16 वर्षीय लड़की ट्रेन नंबर 12904 गोल्डन टेंपल मेल के एस-1 कोच की सीट नंबर 73 पर सफर कर रही है जोकि काफी घबराई हुई लग रही है और वो सूरत जाने की जानकारी दे रही है। यह जानकारी ट्रेन में तैनात फिरोजपुर के वाणिज्य कर्मचारियों से प्राप्त हुई। सूचना के बाद आरपीएफ के उप निरीक्षक कुलबीर सिंह ने महिला कर्मचारी की मदद से ट्रेन आने पर लड़की को संरक्षण में लिया। लड़की ने प्राथमिक पूछताछ में बताया कि वो घर से भागकर सूरत जा रही है। सूचना मिलने के बाद जिला युवा विकास संगठन से हाकम सिंह व रुबल भी आरपीएफ पोस्ट पर पहुंचे।