अंबाला। कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट को लेकर रोडवेज अधिकारियों ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। 26 व 27 जुलाई को सीईटी का टेस्ट होना है। इसके लिए सोमवार तक अंबाला छावनी बस अड्डे पर करीब 30 अभ्यर्थियों ने रोडवेज की बसों में ऑनलाइन अग्रिम बुकिंग करवाई है।
छावनी और अंबाला सिटी बस अड्डे से शनिवार और रविवार की सुबह पांच बजे से रोडवेज की बसें अभ्यर्थियों को लेकर चंड़ीगढ़ के लिए रवाना होंगी। इस संबंध में सोमवार को चंडीगढ़ में होने वाली बैठक में अंतिम निर्णय लिया जाएगा कि किस रूट पर कितनी बसों को लगाया जाना है। सीईटी टेस्ट के लिए अधिकतर अभ्यर्थी अपने आप की बसों की ऑनलाइन बुकिंंग कर रहे हैं। अंबाला के विभिन्न गांव में रोडवेज की बसे रोजाना की तरह रात्रि ठहराव करेंगी। इसके बाद यह बसें मटहेडी, निहारसी, जनसुई, चुडियाला व अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के मुख्य बस अड्डे से सुबह चार बजे पहुंचेगी। यहां से अभ्यर्थियों को लेकर अंबाला छावनी और अंबाला सिटी बस अड्डे पर पहुंचेगी। इसके बाद यहां से भी अभ्यर्थियों को लेकर चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगी। इन बसों के संचालन से दो दिन तक दैनिक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश के लंबे और लोकल मार्ग प्रभावित रहेंगे। संवाद