अंबाला। भाजपा की संकल्प रैली को लेकर पुलिस द्वारा मानव चौक, अग्रसेन चौक और पोलिटेक्निक चौक पर नाका लगाए जाने और जंडली से लेकर शहर के नागरिक अस्पताल तक मार्ग बंद करने के चलते रोडवेज को बसों के मार्ग डायवर्ट करने पडे़। वहीं नारनौल, कैथल, हिसार, सिरसा डिपो की बसें जो अंबाला सिटी अंबाला सिटी बस स्टैंड पहुंचती है, उन्हें बलाना से सद्दोपुर तक पहुंचाया गया।
कैथल से अंबाला आने वाली बसों को पीली कोठी से निकाला गया। रोडवेज अधिकारियों ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए बलाना, मानव चौक, अग्रसेन चौक, कालका चौक, बलदेव नगर नारायणगढ़ मोड पर रोडवेज के इंस्पेक्टरों की तैनाती कर दी। वहीं अंबाला सिटी बस अड्डे पर दोपहर बाद तक सन्नाटा छाया रहा तथा दोपहर बारह बजे से पांच बजे तक जंडली से लेकर पोलिटेक्निक बाधित रहा। पंजोखरा निवासी सौरव ने बताया कि उसकी नागरिक अस्पताल से नशा छुड़ाने की दवा चल रही है। अस्पताल से दवाई तो ले ली लेकिन बस नहीं आई। वहीं तसिंबली निवासी परमजीत सिंह का कहना कि वह सुबह बेटे के साथ सिटी आया था सामान लेने, अब उसे बस से घर जाना है, और वह बस की इंतजार कर रहा है।
अख्तर अली का कहना कि वह अपनी आंख चैक करवाने आया और वापसी में बस की इंतजार में बैठा है। शहर निवासी करणप्रीत सिंह का कहना है कि उसे निजी काम से चंडीगढ़ जाना है और बस नहीं आ रही है। गांव डैहरी निवासी किरण कौर का कहना है कि उसे अपनी बेटी के साथ नारायणगढ़ जाना है, वहां पर रिश्तेदारी में जागरण है। लेकिन डेढ़ घंटा हो गया है, दोनों मां बेटी को बस की इंतजार करते हुए। सढौरा निवासी महेंद्र सिंह ने बताया कि शनिवार की सुबह वह दवाई लेने के लिए बस के माध्यम से शहर के नागरिक अस्पताल में आया था, दवाई लेने के बाद वह पोलिटेक्निक चौक पर बस की इंतजार कर रहा है, एक घंटे से ज्यादा समय हो गया है, लेकिन अभी तक कोई भी बस नहीं आई।