- नगर परिषद ने दो विकास कार्यों की जारी की निविदा
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। नगर परिषद (सदर) क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 10 और 11 के निवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। नगर परिषद प्रशासन ने दोनों वार्डों में पानी की निकासी और पक्की सड़कों के निर्माण के लिए 34,49,059 रुपये (34.49 लाख रुपये) की लागत के दो विकास कार्यों की निविदा जारी की है।
कमल नगर कॉलोनी, रामपुर गांव के वासियों को जलभराव की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है। वार्ड में स्थित बख्शी की दुकान से शुरू होकर बलविंदर सिंह के घर से होते हुए अमरनाथ थानेदार के मकान तक नई सड़क और नाली का निर्माण कराया जाएगा। इस कार्य की स्वीकृत राशि 7,41,823 रुपये निर्धारित की गई है। इस मुख्य मार्ग के पक्का होने और पक्की नाली बनने से बारिश के दिनों में गंदे पानी के भराव की समस्या समाप्त होगी और दर्जनों परिवारों को आवागमन में सुविधा होगी।
समता विहार में 27.07 लाख से बिछेंगे पेवर ब्लॉक
समता विहार, पूजा विहार क्षेत्र में लंबे समय से लंबित पड़ी सड़क निर्माण की मांग को हरी झंडी मिल गई है। वार्ड में विजय यादव के मकान से मनीष कुमार के मकान से होते हुए कुलदीप कुमार के मकान तक टाइप-II नाली तथा ए-40 आईएसआई मार्क पेवर ब्लॉक से इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए स्वीकृत राशि 27,07,236 रुपये निर्धारित की गई है। एम-40 ग्रेड के पेवर ब्लॉक भारी वाहनों का वजन सहने में सक्षम होते हैं, जिससे सड़क सालों-साल मजबूत बनी रहेगी और पानी के रुकने की संभावना खत्म होगी।
दोनों कार्यों की तकनीकी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जल्द से जल्द निविदा प्रक्रिया संपन्न कर वर्क ऑर्डर जारी किए जाएंगे।
सुरेंद्र सिंह, कार्यकारी अभियंता, नगर परिषद सदर, अंबाला