शहजादपुर। जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) के दस्ते ने गुरुवार को शहजादपुर के शहरी क्षेत्र में लगभग 9 एकड़ भूमि पर विकसित की जा रही दो अवैध कालोनियों पर कार्रवाई की। कॉलोनियों में सड़कें और डीपीसी निर्माण को ध्वस्त किया गया।
विभाग के अनुसार, गांव ककड़ माजरा (हदबस्त नंबर 269, सब तहसील शहजादपुर) में करीब 1.6 एकड़ और गांव छज्जु माजरा (हदबस्त नंबर 45) में लगभग 7.5 एकड़ क्षेत्र में पनप रही अवैध कालोनियों पर कार्रवाई हुई। इस दौरान कालोनियों में बिछाए गए पक्की सड़कों के जाल और एक डीपीसी निर्माण को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट-कम-डीटीपी श्रीमती गुंजन वर्मा और हरियाणा इन्फोर्समेंट ब्यूरो के एसएचओ भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
डीटीपी गुंजन वर्मा ने लोगों से अपील की कि प्रॉपर्टी डीलरों के बहकावे में आकर अवैध कालोनियों में प्लॉट न खरीदें और न ही निर्माण करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अवैध कालोनियों व निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।