संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों के निर्माण के बाद नगर परिषद ने मील के पीछे सड़कों के निर्माण की योजना तैयार की है। इसकी शुरुआत रामबाग रोड के नजदीक मील के पीछे जाने वाले रास्ते से की जाएगी। यहां स्थित ऑटो स्टैंड से लेकर टांगरी बांध तक सड़क का निर्माण किया जाएगा।
नगर परिषद ने सड़क के निर्माण को लेकर ठेकेदार को कार्य जारी कर दिया है और आगामी कुछ दिनों में कार्य शुरु कर दिया जाएगा। मील के पीछे दर्जनों कॉलोनियों बसी हैं। इनमें से कुछ कॉलोनियों को सरकार ने मान्यता प्रदान की है। इसी को लेकर नगर परिषद ने योजना तैयार की है कि ऐसी कॉलोनियों में खस्ताहाल सड़कों का भी नवनिर्माण किया जाए ताकि स्थानीय लोगों को इसकी सुविधा मिले।
नगर परिषद द्वारा लगभग 20 गलियों का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इसमें कुछ ऐसी गलियां भी हैं जो काफी पुरानी हैं और इन्हें रिपेयर की जरूरत है। वहीं कुछ गलियों की टाइलें टूट गई हैं और सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं। ऐसी सड़कों को चिह्नित करके काम शुरु करवाने की तैयारी है।
मील के पीछे सड़क के निर्माण का ठेका जारी किया गया है। यह कार्य लगभग 42 लाख की लागत से किया जाएगा। इसमें प्रमुख सड़क शामिल है, जोकि ऑटो स्टैंड से टांगरी बांध तक जाती है। अन्य सड़कों के निर्माण की भी रुपरेखा तैयार की जा रही है। - मंदीप सिंह, कार्यकारी अभियंता, नप सदर।