सड़क निर्माण का कार्य शुरू करवाते गृहमंत्री।
अंबाला। गृहमंत्री अनिल विज ने रविवार को मोहड़ा के नजदीक 30 लाख रुपये की लागत से सड़क के निर्माण कार्य का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। यह सड़क नेशनल हाईवे से श्री कृष्ण कृपा गोशाला धाम तक बनाई जाएगी।
इस मौके पर गोशाला धाम के स्वामी विकास दास महाराज भी उपस्थित रहे। गृहमंत्री ने इस मौके पर स्वामी विकास दास महाराज से गोशाला धाम की गतिविधियों के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा कि हाईवे से गोशाला धाम तक सड़क की हालत काफी खस्ता है। यहां पर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी समस्या का सामना करना पड़ता है। बीते दिनों स्वामी ने इस सड़क के निर्माण बारे उन्हें आग्रह किया था।
गृहमंत्री ने कहा कि पंचायती राज विभाग की ओर से इस सड़क का निर्माण कार्य किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कहा कि सड़क का निर्माण कार्य करते हुए लेवल का ध्यान रखें। इस मौके पर स्वामी विकास दास ने मुख्यअतिथि को भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा देकर भव्य अभिनंदन भी किया। इस अवसर पर मंडल प्रधान राजीव डिंपल, किरण पाल चौहान और अजय पराशर सहित पंचायती राज विभाग के एक्सईएन नवदीप आनंद, एसडीओ धर्मवीर के साथ गोशाला धाम के पदाधिकारी उपस्थित रहे।