अंबाला सिटी। अंबाला में मिट्टी से लदे डंपरों से परेशानी बढ़ती जा रही है। इन डंपरों के कारण होने वाले हादसे भी बढ़ते जा रहे हैं।
वीरवार को दोपहर 12 बजे अंबाला सिटी में पंचायत भवन के सामने डंपर ने एसयूवी कार को टक्कर मार दी। गनीमत रही कि डंपर कार के पीछे के हिस्से से टकराया। ऐसे में कार में बैठे लोग बालबाल बच गए। इसके बाद जब कार चालक ने डंपर चालक को रोका तो वह डंपर से उतरकर बीच रास्ते पर ही डंपर खड़ा कर फरार हो गया।
इसके कारण काफी देर तक जाम के हालात बने दिखाई दिए। बताया जाता है कि पंजाब से एक परिवार एसयूवी गाड़ी में अंबाला सिटी के प्रेम नगर में अपने रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने आया था। गाड़ी जैसे ही पंचायत भवन के सामने तिराहे से पंचायत भवन की तरफ बढ़ी तभी तिराहे पर ही डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे गाड़ी का पीछे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। यह डंपर मिट्टी से लदा हुआ था।
डंपर से साहा में हो चुके हैं हादसे ः सड़क पर दौड़ रहे डंपर हादसों का कारण बने रहे हैं। इस हादसे से कुछ ही दिन पहले साहा में दो सड़क दुर्घटनाएं हुईं। इसमें एक तो मिट्टी से लदे डंपर ने स्कूल वैन में टक्कर मार दी। जिसमें कुल नौ लोग घायल हो गए। इसमें स्कूल की शिक्षिकाएं व एक बच्चा भी शामिल था। इसके बाद साहा चौक के पास एक ही हादसा हुआ, जिसमें डंपर ने बाइक सवार के टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई। इससे पहले नारायणगढ़ में भी डंपर के कारण कई हादसे हो चुके हैं।