अंबाला। डाक विभाग से 2014 में सहायक पोस्ट मास्टर पद से रिटायर्ड हुई हाउसिंग बोर्ड निवासी 70 वर्षीय कमलेश बसरा ने तालाब में कूदकर आत्महत्या कर ली। कमलेश का शव रविवार सुबह पांच बजे अंबाला कैंट के नेता जी सुभाष चंद्र बोस पार्क के बोटिंग तालाब में मिला।
हाउसिंग बोर्ड चौकी की तरफ से इत्तेफाकन मौत की कार्रवाई अमल में लाई। मृतका के पति वेद प्रकाश ने बताया कि कमलेश लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी और उपचार चल रहा था। चंडीगढ़ पीजीआई में भी कमलेश चार माह तक दाखिल रही थी। अभी भी उपचाराधीन थी। वह सुबह चार बजकर 30 मिनट पर शौचालय में गया था तो वह घर से निकल गई थी।
बाद में वह ढूंढते हुए सुभाष पार्क पहुंचा था। पार्क में शोर मचा हुआ था कि कोई महिला तालाब में कूद गई। कमलेश की तालाब के पास चप्पलें पड़ी थीं। वेद प्रकाश ने बताया कि कमलेश 2014 में सहायक पोस्ट मास्टर पद से रिटायर्ड हुई थी। दो बेटों में से एक बेटे का पहले देहांत हो चुका है। दूसरा बेटा चेन्नई में रहता है।