संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। मूलभूत सुविधाओं के अभाव से त्रस्त वार्ड-14 के निवासियों का गुस्सा रविवार को फूट पड़ा। टांगरी नदी के पानी से हर साल होने वाली तबाही और स्थाई बांध न बनने से नाराज लोगों ने रोष प्रदर्शन करके नाराजगी जताई।
यह प्रदर्शन वार्ड पार्षद हरमिंदर हीरा के नेतृत्व में किया गया। प्रदर्शन के दौरान छावनी के मुख्य बाजारों में रोष रैली निकाली और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
रवि कुमार, कंचन, मिथिलेश, कुसुम ने बताया कि मानसून के दौरान टांगरी नदी का पानी उनके घरों में घुसकर भारी तबाही मचाता है। हर साल वादे किए जाते हैं लेकिन स्थाई बांध की फाइल धूल फांक रही है। लोगों ने कहा कि उन्हें झूठे आश्वासन नहीं बल्कि ठोस समाधान चाहिए।
वार्ड पार्षद हरमिंदर हीरा ने नगर परिषद पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने हाउस की बैठकों में कई बार वार्ड की जर्जर सड़कों, गलियों और नालियों का मुद्दा उठाया है लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। हीरा ने कहा, लोग रोजाना घर आकर सवाल पूछते हैं कि हमारे क्षेत्र का सुधार कब होगा, मेरे पास उनके सवालों का कोई जवाब नहीं है।
प्रशासन की अनदेखी ने उन्हें सड़क पर उतरने को मजबूर कर दिया है। प्रदर्शनकारियों ने नगर परिषद कार्यालय से रोष रैली शुरू की जो सदर बाजार सहित छावनी के अन्य प्रमुख बाजारों से होकर गुजरी। इससे पहले 31 मार्च को भी स्थानीय लोगों ने नगर परिषद कार्यालय में धरना दिया था लेकिन कोई सुनवाई न होने पर अब आंदोलन को तेज करने की चेतावनी दी गई है।
अंबाला छावनी के बाजाराें में रोष मार्च निकालते वार्ड नंबर 14 लोग। संवाद