अंबाला सिटी। जिला शिक्षा सदन में अधिकारियों में फेरबदल हुआ है। एक ही साथ तीन अधिकारियों का इधर से उधर तबादला हो गया। तबादले के बाद दो अधिकारी जिला शिक्षा सदन अंबाला में ही अपनी सेवाएं देंगे, जबकि एक अधिकारी कैथल में डीईओ का पदभार संभालेंगे। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार का तबादला कैथल में डीईओ के पद पर हुआ है।
इसी तरह जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा का तबादला अंबाला में ही जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर हुआ है। जिला परियोजना समन्वयक यानि डीपीसी ज्योति रानी उप जिला शिक्षा अधिकारी से पदोन्नति के बाद जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अंबाला बन गई हैं। वह जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा की जगह पदभार संभालेंगी। इसके साथ ही जिला परियोजना समन्वयक कार्यालय का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगी। सदन में एक ही साथ तीन अधिकारियों का तबादला हुआ है, हालांकि फेरबदल के बाद दो अधिकारी इसी कार्यालय में अपनी सेवाएं देंगे। यह अधिकारी बुधवार को अपना कार्यभार संभाल सकते हैं।