अंबाला सिटी। सरकार प्रदेश के सरकारी अस्पतालों को जल्द ही सूचना एवं प्रबंधन प्रणाली से जोड़ने जा रही है, जिसके अंतर्गत मरीज एक ही पंजीकरण संख्या पर प्रदेश के किसी भी सरकारी चिकित्सा संस्थान में उपचार सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।
अंबाला के सिविल सर्जन डा. विनोद गुप्ता ने रोगियों की सुविधा के लिए हरियाणा सरकार द्वारा लिए गए इस निर्णय के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्वास्थ्य संसाधन केंद्र के सहयोग से विकसित की जा रही इस प्रणाली के माध्यम से सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों के रिकार्ड को इस प्रकार एकीकृत किया जाएगा कि मरीज के नाम, पता या दूरभाष नंबर से पूरा रिकार्ड उपलब्ध हो जाएगा।
प्रणाली के क्रियान्वयन के बाद अस्पताल आने पर मरीज को बार-बार पंजीकरण नहीं करवाना होगा तथा मरीज का पूरा रिकार्ड सभी सरकारी अस्पतालों में ऑनलाइन उपलब्ध होगा। इस प्रकार उपचार से पूर्व चिकित्सकों के पास मरीज की पूरी केस हिस्ट्री होगी, जिससे पता चल जाएगा कि मरीज द्वारा कहां-कहां तथा कब-कब क्या इलाज करवाया गया। उन्होंने बताया कि सरकारी चिकित्सा संस्थानों के प्रशासनिक कार्यों के प्रबंधन के लिए विभाग पब्लिक हेल्थ कॉडर सृजित करने जा रहा है।
इसके लिए एक प्रोटोटाइप मॉडल विकसित किया गया है, जिसे जल्द लागू किया जाएगा। इसका उद्देश्य चिकित्सकों को प्रशासनिक कार्यों के दायित्वों से मुक्त करना है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में सुधार को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई है, जिसके अंतर्गत उच्च जोखिम के गर्भावस्था मामलों में गर्भवती को लाल ओपीडी कार्ड जारी किए जाएंगे।