अंबाला। छावनी की संस्थाएं रावण के पुतला दहन की तैयारी में जुट गई हैं। एक तरफ श्री रामलीला कमेटी बजाजा बाजार की तरफ से रामबाग मैदान में पुतला दहन की तैयार शुरू कर दी गई है तो वहीं तोपखाना परेड में भी स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
दोनों जगह पर सफाई कर्मचारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गए हैं। नगर परिषद के सफाई टीम मंगलवार को रामबाग मैदान की साफ-सफाई करते हुए नजर आई, वहीं कूड़े-करकट सहित अन्य मलबे के निस्तारण के लिए दो जेसीबी मशीनों को भी रामबाग मैदान में तैनात कर दिया गया है।
विज्ञापन
दो जगह होगा पुतलों का दहन : अंबाला छावनी में पहले तीन जगह रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया जाता था, लेकिन इस बार गांधी मैदान में साइकिल ट्रैक बनने और पौधरोपण होने के कारण यहां पुतलों का दहन नहीं किया जाएगा, इसलिए श्री रामलीला कमेटी बजाजा बाजार को इस बार रामबाग मैदान में पुतलों के दहन की इजाजत दी गई है।
रामबाग मैदान में इस बार रावण का पुतला 45 फीट का होगा तो वहीं मेघनाद और कुंभकर्ण के पुतले क्रमश: 40 व 38 फुट के होंगे। इसी प्रकार तोपखाना परेड में दहन किए जाने वाला रावण का पुतला 60 फुट, मेघनाद का 55 फुट और कुंभकर्ण का पुतला 50 फुट का होगा।