नारायणगढ़। राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 344 पंचकूला-यमुनानगर मार्ग पर स्थित गांव कक्कड़ माजरा के नजदीक बने फ्लाइओवर के साथ एक ओर सर्विस लेन बनाने की वर्षों से मांग अभी भी अधूरी है। जबकि कुछ समय पहले ही राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौका मुआयना कर कार्य शुरू कराने का ग्रामीणों को आश्वासन दिया था। इसको लेकर आक्रोशित ग्रामीणों ने आप नेता एवं पूर्व चेयरमैन गुरपाल सिंह की अगुवाई में सोमवार को अधिकारियों के समक्ष रोष जताया।
ग्रामीणों ने कहा कि यदि 30 अप्रैल तक इस सर्विस लेन का कार्य पूरा नहीं हुआ तो क्षेत्र के ग्रामीण राजमार्ग पर एक मई को एकत्रित होकर कोई बड़ा फैसला लेंगे। मौके पर पहुंचे राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण साइट इंजीनियर गगनदीप ने बताया कि जो जमीन उन्होंने सर्विस लेन बनाने के लिए ली थी उसकी निशानदेही होनी है। आज निशानदेही के लिये पटवारी को बुलाया गया है और इसके बाद कार्य शुरू कर दिया जाएगा। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इस मौके पर राजेश शर्मा, हरी बाबू ,ईश्वर सिंह, ज्ञान चंद धीमान, पूर्व सरपंच बलजीत सिंह के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
लोगों को झेलनी पड़ रहीं कई परेशानियां
पूर्व चेयरमैन गुरपाल सिंह ने कहा कि वर्षों से सड़क के एक ओर सर्विस लेन न होने से क्षेत्र के दर्जन से भी अधिक गांवों के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क हादसों में कई लोग अपनी जान भी गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे पहले भी ग्रामीणों के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों से मिले थे और अधिकारियों ने न केवल इस स्थल का दौरा किया था बल्कि जल्द कार्य शुरू करने का आश्वासन भी दिया था। उन्होंने कहा कि विभाग के अधिकारियों द्वारा बार-बार आश्वासन दिए जाने के बाद भी कार्य शुरू न करना उनकी कार्यशैली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है।