अंबाला सिटी। माता-पिता नौकरी पर जाते रहे तो पड़ोसी उनकी 14 साल की नाबालिग से गलत काम करता रहा, जिससे वह गर्भवती हो गई। पेट में दर्द की शिकायत के बाद परिवार को लगा कि शायद उसे पथरी या कोई और समस्या हो गई तो उसे डॉक्टर को दिखाया। मेडिकल रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने का पता चलते ही परिवार के लोगों होश फाख्ता हो गए। नागरिक अस्पताल में भर्ती पीड़िता के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। महिला थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई।
तीन भाइयों में सबसे बड़ी है पीड़िता
जानकारी के अनुसार पीड़िता अपने तीन भाई बहनों में सबसे बड़ी है। नौंवी कक्षा की छात्रा है। उसके माता-पिता नौकरी करते हैं जोकि सुबह जाकर शाम को लौट आते हैं। महिला के अनुसार दो दिन पूर्व बच्ची ने पेट दर्द होने की शिकायत की थी। परिजनों को पथरी और अपेंडिक्स का भी शक हुआ। एक प्राइवेट अस्पताल लेकर गए तो उनसे सिविल अस्पताल लेकर जाने को कहा। सरकारी अस्पताल में टेस्ट कराए गए तो पता चला कि वह गर्भवती है। महिला के अनुसार उनके पड़ोसी ने उस समय यह गलत काम किया है जब वे लोग काम पर जाते थे। महिला थाने में दी गई शिकायत की जांच जारी है।