नागरिक अस्पताल की लैब में सैंपल की पर्ची बनाता कर्मचारी। संवाद
अंबाला सिटी। नागरिक अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में कोरोना के लिए अब खांसी, जुकाम के गंभीर मरीजों की रैंडम जांच होगी, जिन मरीजों में लक्षण अधिक दिखेंगे सिर्फ उन्हीं की जांच की जाएगी।
इसके अलावा इस प्रकार के मरीजों का अलग से रिकाॅर्ड रखा जाएगा। अभी तक इन मरीजों की जांच नहीं हो रही थी। विभाग के पास इस जांच को करने के लिए किट भी उपलब्ध नहीं हैं। बीते शुक्रवार को ही निदेशालय से पत्र जारी हुआ है। इसमें स्वास्थ्य विभाग को सतर्क रहने की हिदायत दी है। फिलहाल खतरे की कोई बात नहीं है।
निजी अस्पताल को दिए निर्देश
निदेशालय के पत्र के बाद स्वास्थ्य विभाग अंबाला की ओर से इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) अधिकारियों को भी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही निजी अस्पताल में भी सर्दी, खांसी और जुकाम के आने वाले मरीजों पर विशेष नजर रखने को कहा है। निमोनिया और सांस संबंधी रोगों से ग्रसित मरीजों की निगरानी के आदेश स्वास्थ्य विभाग को दिए हैं। अगर परिजन या पड़ोस के किसी व्यक्ति में संभावित लक्षण नजर आएं तो देरी न करें। तत्काल डॉक्टर को दिखाएं ताकि उचित इलाज मिले।
पत्र में मिले ये निर्देश
स्वास्थ्य विभाग अपने कर्मचारियों को कोरोना के समय दिए प्रशिक्षण को दोबारा देगा। इससे मरीजों को उपचार करने में मदद मिल सके। जेम पोर्टल के माध्यम से कोरोना जांच कराने के लिए किट खरीदी जाए। जुकाम, नजला और निमोनिया के मरीजों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके साथ ही इन मरीजों की जांच भी होगी।
वर्जन
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सभी निजी व सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों को सावधानी बरतने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भी सोमवार को किट खरीदी जाएंगी।
-डॉ. राकेश सहल, सीएमओ ।
नागरिक अस्पताल की लैब में सैंपल की पर्ची बनाता कर्मचारी। संवाद