शहर के राजकीय उच्च विद्यालय नंबर- सात में जिला स्तरीय रफ्तार प्रतियोगिता के विजेता को सम्मानित
अंबाला सिटी। राजकीय उच्च विद्यालय नंबर-सात में जिला स्तरीय रफ्तार प्रतियोगिता करवाई गई। प्रतियोगिता जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुधीर कालड़ा के मार्गदर्शन में हुई। इसमें न केवल पांचवीं कक्षा तक के बच्चों ने बल्कि उन्हें पढ़ाने वाले शिक्षकों ने भी अपने जौहर दिखाए। प्रतियोगिता में खंड स्तर पर कक्षा एक से पांच तक प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों एवं प्रथम स्थान प्राप्त विजेता अध्यापकों ने भाग लिया।
इसमें विभागीय निर्देशानुसार विभिन्न रोचक गतिविधियां जैसे कि धारा प्रवाह पठन, मजेदार उल्टा पठन, टंग ट्विस्टर और रिले पठन विद्यार्थियों के लिए व उपन्यास का रिले, टंग ट्विस्टर, मजेदार उल्टा गद्य पठन, लंबी कहानी के 140 शब्दों का पठन शिक्षकों के लिए आयोजित किए गए।
इस दौरान डीईईओ सुधीर कालड़ा ने प्रतियोगिता स्थल का निरीक्षण करते हुए निर्णायक मंडल की ओर से दिए गए परिणाम को घोषित किया व प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों व अध्यापक को प्रोत्साहन के रूप में प्रमाण पत्र वितरित किए।
कक्षा एक से राजदीप कौर राजकीय प्राथमिक पाठशाला लखनौर साहिब, कक्षा दो से जन्नत राजकीय प्राथमिक पाठशाला खुड्डा खुर्द, कक्षा तीन से सक्षम राजकीय प्राथमिक पाठशाला सबगा, कक्षा चार से गुरसिमरन राजकीय प्राथमिक पाठशाला फतेहगढ़, कक्षा पांच से गुंजन राजकीय प्राथमिक पाठशाला सबगा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा तीन व कक्षा पांच में प्रथम आए बच्चे सक्षम और गुंजन सगे भाई-बहन थे। इसके लिए जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने उन बच्चों की माता सुमन को भी मंच पर बुलाकर विशेष तौर पर सम्मानित किया। इसी प्रकार अध्यापक वर्ग में पवन कुमार जेबीटी अध्यापक राजकीय प्राथमिक पाठशाला मुनरहेड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के अगले चरण में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे।