अंबाला सिटी। पिछले दो दिनों से अंबाला के लोगों पर मौसम की मेहरबानी बनी हुई है। कभी धीरे तो कभी तेज बारिश हो रही है। बारिश होने से अधिकतम तापमान में 4 डिग्रीसे. तक की गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार से लेकर बुधवार 11 बजे तक जिले में अच्छी खासी बारिश हुई। खेत पानी से लबालब भर गए। जिले में 39.4 एमएम बारिश का आंकड़ा दर्ज किया गया। उधर बारिश से किसान के चेहरों पर खुशी नजर आ रही है।
झमाझम बरसे बदरा ने कई दिनों से तप रहे अंबाला की गर्मी धो दी। मेघ इस तरह झूमकर अंबाला में बरसे की सब जगह पानी-पानी कर दिया। गर्मी से व्याकुल लोगों ने इस बरसात का खुलकर स्वागत किया। सुबह करीब 11 बजे तक जिलेभर में अच्छी बरसात हुई। हालांकि बारिश ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की पोल खोलने का काम भी किया। न केवल अंबाला शहर बल्कि छावनी में भी कई जगह पर जलभराव की स्थिति बनी रही। अधिकारी हमेशा की तरह खानापूर्ति के लिए सड़कों पर उतरे और कागजी कार्रवाई पूरी कर दी।
मौसम विभाग की बातों पर यकीन करें तो वीरवार को भी जिलेभर में बरसात की संभावनाएं बनी हुई हैं। बरसात के चलते जिले का अधिकतम तापमान 4 डिग्री लुढ़ककर 31.4 और न्यूनतम तापमान 2 डिग्री लुढ़ककर 23 डिग्री दर्ज किया गया। बता दें कि मंगलवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री दर्ज किया गया था। मंगलवार के बाद बुधवार को हुई अच्छी बरसात के चलते जिलेभर में जीरी रोपाई का काम तेज हो गया है। यह बरसात सब्जी और फलों के लिए भी खाद का काम करेगी।