- कैंट स्टेशन पर खोले अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर, आरपीएफ कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। होली पर अंबाला मंडल ने भीड़ से निपटने के लिए पूरी ताकत झौंक दी है। सामान्य कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए अतिरिक्त अनारक्षित टिकट काउंटर खोल दिए गए हैं। वहीं आरपीएफ ने कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी कर दी है। बिहार और यूपी की तरफ जाने वाली प्रत्येक ट्रेन की निगरानी बढ़ा दी गई है। यात्रियों को ट्रेनों से दूर रखने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार कार्रवाई में जुट गई हैं। हालांकि होली से पूर्व ही काफी भीड़ बढ़ गई है।
ट्रेनों के जरनल कोच में सबसे अधिक मारामारी देखने को मिल रही है। भारी-भरकम सामान के साथ ट्रेन में चढ़ने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। इस कारण कोच के दरवाजे पर ही उन्हें मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में मजबूरन उन्हें आरक्षित कोच में सवार होना पड़ रहा है।
आरपीएफ ने प्लेटफाॅर्मों पर निगरानी बढ़ा दी है। ट्रेन के आने से पहले ही कर्मचारी सीटी बजाकर यात्रियों को सचेत कर रहे हैं ताकि वो ट्रेन से दूर रहें और जल्दबाजी न करें। इसके अलावा रेलवे परिसर में टेंट भी लगाया गया है, वहीं भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रस्सियां भी बांधी गई हैं।
मंडल रेल प्रबंधक ने किया निरीक्षण
सोमवार देर रात अंबाला मंडल के रेल प्रबंधक विनोद भाटिया ने कैंट स्टेशन पर बनाई गई व्यवस्थाओं को एक आम यात्री बनकर जांचा। उनके आगमन की जानकारी सिर्फ एक या दो विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों को थी। इस दौरान उन्होंने स्टेशन के अनारक्षित टिकट घर पर टिकटों की प्रणाली को जांचा और आरपीएफ की भीड़ नियंत्रण कार्रवाई को देखा।
लुधियाना से वाराणसी के बीच चलाई ट्रेन
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रविवार को लुधियाना से वाराणसी के बीच एक दिवसीय विशेष ट्रेन का संचालन किया गया। आम्रपाली व शहीद एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह घोषणा राहत भरी रही। यात्रियों को अन्य विशेष ट्रेनों की जानकारी देने के लिए लगातार स्टेशन पर उद्धोषणा भी करवाई गई ताकि यात्री जल्दबाजी न करें।
भीड़ नियंत्रण के लिए कैंट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया था। इस दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गईं। स्टेशन पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं, वहीं विशेष ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत पहुंचाई जा रही हैं।
- विनोद भाटिया, डीआरएम अंबाला
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आई आम्रपाली में यात्रियों को चढ़ाने में मदद करते आरपीएफ कर्मचारी। स