अंबाला। रेलवे में बिना टिकट और अनियमित तरीके से यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ अंबाला मंडल ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार को मंडल के विभिन्न रेल खंडों पर चलाए गए विशेष टिकट जांच अभियान से यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सहायक वाणिज्य प्रबंधक के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में कुल 556 मामले दर्ज किए गए। इनसे रेलवे ने 2.96 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूल किया।
वाणिज्य विभाग की टीम ने सुबह से ही सहारनपुर-अंबाला, अंबाला-लुधियाना और कालका-चंडीगढ़-अंबाला रेलखंड के बीच पड़ने वाले स्टेशनों और ट्रेनों में सघन चेकिंग की। जैसे ही जांच टीम ट्रेनों में पहुंची, बिना टिकट यात्रा कर रहे यात्रियों में भगदड़ मच गई।
सेक्शन वार हुई कार्रवाई का लेखा-जोखा
अंबाला-लुधियाना सेक्शन पर 185 यात्रियों से 1,08,440 रुपये वसूले गए। इसी प्रकार सहारनपुर-अंबाला पर 177 मामलों में रेलवे की झोली में 90,850 रुपये आए। जबकि कालका-चंडीगढ़-अंबाला सेक्शन पर सबसे अधिक 194 मामले पकड़े गए और इनसे 97,210 रुपये का राजस्व मिला।
3 फीसदी बचत
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा वैध टिकट के साथ ही स्टेशन में प्रवेश करें। उन्होंने जानकारी दी कि रेलवन एप का इस्तेमाल कर यात्री घर बैठे टिकट बुक कर सकते हैं। इस पर उन्हें 3 फीसदी की छूट भी दी जा रही है।
इस अभियान का मुख्य लक्ष्य उन यात्रियों को राहत देना है जो टिकट लेकर यात्रा करते हैं। बिना टिकट यात्रियों की वजह से आरक्षित और नियमित यात्रियों को असुविधा होती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की चेकिंग आगे भी जारी रहेगी।
- यशनजीत सिंह, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला।