अंबाला। मानसून से पहले रेलवे भी अंडरपास की सफाई में जुट गया है ताकि बरसात के दौरान पानी की निकासी सुचारु ढंग से हो सके। इसके अलावा जलभराव की समस्या से निपटने के लिए रेलवे अंडरपास के नजदीक जेनरेटर लगाने के निर्देश दिए गए हैं। दूसरी ओर अंबाला कैंट में बाजीगर बस्ती से रेलवे कॉलोनी की तरफ जाने वाले रास्ते पर लगी एक लोहे की जाली गायब हो गई है, इसलिए रेलवे कर्मचारियों सहित अन्य लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अंबाला मंडल के रेल प्रबंधक के निर्देश पर रेलवे अंडरपास की निगरानी के लिए टीम को तैनात किया गया है जो कि रोजाना निरीक्षण करके रिपोर्ट भेज रहे हैं। रेलवे ने आपात स्थिति से निपटने के लिए अंबाला प्रशासन से सहयोग मांगा है ताकि पानी की निकासी सुचारु ढंग से हो सके और बारिश के दौरान ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित न हो। दरअसल, बारिश के दिनों में अक्सर पानी भर जाने से रेलवे अंडरपास तालाब का रूप धारण कर लेते हैं। कारण कि जहां भी रेलवे अंडरपास बने हुए हैं, वहां पानी की निकासी को लेकर समुचित प्रबंंध नहीं हैं इसलिए जलभराव की समस्या अक्सर हो जाती है। ऐसे में रेलवे के पास जेनरेटर लगाने ही एक मात्र विकल्प बचता है ताकि पानी को पाइप लाइनों के माध्यम से रेलवे अंडरपास से निकाला जा सके।
-
मानसून के दौरान रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या रहती है। इससे निपटने के लिए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। सभी अंडरपास की साफ-सफाई करवाई जा रही है। कुछ जगह पर जेनरेटर सेट भी लगाए गए हैं। आपात स्थिति में अंबाला प्रशासन का भी सहयोग लिया जाएगा।
मंदीप सिंह भाटिया, डीआरएम अंबाला।