अंबाला। मालवा एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12919/12920 की तर्ज पर अब मालवा कोविड सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 02919/02920 चलेगी। ट्रेन का संचालन डॉ. आंबेडकर नगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच दोनों दिशाओं में होगा। ट्रेन संचालन को लेकर पश्चिम रेलवे द्वारा जानकारी उत्तर रेलवे के अंबाला, फिरोजपुर, लखनऊ, मुरादाबाद और दिल्ली मंडल को भेजी गई है।
अंबाला मंडल सीनियर डीसीएम हरि मोहन ने बताया कि मां वैष्णो भक्तों और आमजन की परेशानी को देखते हुए ट्रेन का संचालन किया जा रहा है। ट्रेन नंबर 02919 को 9 नवंबर से चलाया जाएगा। ट्रेन डॉ. आंबेडकर नगर से प्रत्येक सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को चलेगी। इसी प्रकार ट्रेन नंबर 02920 को 11 नवंबर से चलाया जाएगा। ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटरा से प्रत्येक रविवार, बुधवार व शुक्रवार को चलेगी। डॉ. आंबेडकर नगर से चलकर ट्रेन अगले दिन सुबह 9.15 पर अंबाला जंक्शन पहुंचेगी, इसी प्रकार श्री माता वैष्णो देवी कटरा से चलकर उसी दिन दोपहर लगभग 3.35 पर अंबाला पहुंचेगी।