अंबाला। मां वैष्णों देवी भक्तों के लिए रेलवे ने वंदे भारत एक्सप्रेस सहित श्री शक्ति एक्सप्रेस चलाने का फैसला किया है, यही नहीं यात्रियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली-कालका और नई दिल्ली-अमृतसर शताब्दी भी जल्द ही ट्रैक पर दौड़ती नजर आएंगी। रेलवे बोर्ड ने संबंधित मंडल प्रबंधकों को व्यवस्थाएं बनाने के लिए निर्देश जारी किए हैं ताकि जल्द से जल्द इन ट्रेनों को चलाने की तारीख घोषित की जा सके।
त्योहारी सीजन और माता के नवरात्रों को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है। रेलवे ने पूरे देश में 39 एसी ट्रेनों को चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों में एसी एक्सप्रेस, दूरंतो, वंदे भारत, शताब्दी, राजधानी, डबल डैकर व युवा एक्सप्रेस शामिल हैं। यह ट्रेनें पुराने नंबर के आधार पर ही संचालित की जाएंगी। अभी ट्रेनों के चलाने की तारीख और समय सारिणी की घोषणा नहीं की गई, लेकिन 2-3 दिन में ट्रेनों को चलाने की घोषणा हो सकती है और इसे पुरानी समय सारिणी के अनुसार ही चलाया जाएगा।
अंबाला से गुजरेंगी 8 जोड़ी ट्रेन
नई चलने वाली ट्रेनों की लिस्ट में अंबाला स्टेशन पर भी 5 जोड़ी ट्रेनों का ठहराव होगा। इसमें ट्रेन नंबर 22125/22126 नागपुर-अमृतसर-नागपुर साप्ताहिक, 22461/22462 नई दिल्ली-कटरा-नई दिल्ली श्री शक्ति एक्सप्रेस रोजाना, 12011/12012 नई दिल्ली-कालका-नई दिल्ली शताब्दी रोजाना, 12029/12030 नई दिल्ली-अमृतसर-नई दिल्ली शताब्दी वीरवार को छोड़कर रोजाना, 22439/22440 नई दिल्ली-कटरा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस मंगलवार को छोड़कर रोजाना चलाई जाएगी।
यात्रियों को सौगात
त्योहारी सीजन को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों को काफी बड़ी सौगात दी है। इस सुविधा से नवरात्र पर मां वैष्णों देवी कटरा जाने वाले भक्तों को काफी राहत मिलेगी। उम्मीद है कि 2-3 दिन में ट्रेनों को चलाने की तारीख जारी कर दी जाएगी।
पंकज गुप्ता, एडीआरएम आप्रेशन, अंबाला मंडल।