- जजपा ने कहा- 110 दिन बाद दोबारा परिणाम देना भविष्य से खिलवाड़
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। जिला सचिवालय में जननायक जनता पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एचटेट-2024 के परीक्षा परिणामों की पारदर्शिता को लेकर प्रदर्शन किया। नेताओं ने परिणामों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए हरियाणा के राज्यपाल के नाम ज्ञापन अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। जेजेपी नेता कुलदीप मढाण ने कहा कि एचटेट-2024 का परीक्षा परिणाम पहले 30 दिन के भीतर हरियाणा शिक्षा बोर्ड के सचिव की ओर से घोषित कर दिया गया था लेकिन बाद में उसे बिना स्पष्ट कारण के रिकॉल कर लिया गया। इस रिकॉल को लेकर आज तक हरियाणा सरकार की ओर से न तो कोई आधिकारिक जवाब दिया गया और न ही इसे सार्वजनिक किया गया। कुलदीप मढाण ने कहा कि जब परिणाम पहले घोषित हो चुका था तो उसे दोबारा जारी करने में 110 दिन का समय क्यों लगा। इस देरी ने हजारों अभ्यर्थियों के भविष्य को अनिश्चितता में डाल दिया। उन्होंने कहा कि यह देरी अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करती है। कुलदीप मढाण ने एचटेट परिणामों की सीबीआई जांच की मांग करते हुए कहा कि आज हरियाणा के पढ़े-लिखे युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने बताया कि जेजेपी पूरे हरियाणा में युवा अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला के नेतृत्व में जिला स्तर पर अधिकारियों को ज्ञापन सौंप रही है, ताकि युवाओं को न्याय मिल सके।