अंबाला। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अवैध वेंडिंग पर लगाम लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस कड़ी में रेलवे ने वेंडरों के क्यू आर आधारित पहचान पत्र बनाने के निर्देश दिए हैं ताकि अधिकृत और अनधिकृत वेंडरों की पहचान हो सके।
रेलवे के निर्देश पर अंबाला मंंडल के वाणिज्य विभाग ने भी अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मंडल के अधिकारियों ने स्टेशन पर तैनात अधिकारियों को वेंडरों की गिनती करने के निर्देश दिए हैं ताकि उनका क्यू आर कोड पर आधारित पहचान पत्र बनाया जा सके।
विज्ञापन
कैटरिंग ठेकेदारों से मांगी सूची : अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर 20 से अधिक स्टॉल हैं, इसके अलावा 30 के करीब रेहड़ियां और 20 के करीब छाबे हैं। इन पर दो से तीन कर्मचारी अलग-अलग समय में शिफ्टों के अनुसार काम करते हैं। स्टेशन पर काम करने वाले वेंडरों के लिए रेलवे ने अस्पताल के मेडिकल और जीआरपी की पुलिस रिपोर्ट निर्धारित की हुई है, इसके बाद स्टेशन अधीक्षक उनके पहचान पत्र जारी करते हैं।
आरपीएफ चलाती है अभियान : ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों के लिए सिरदर्दी बनने वाले अनधिकृत वेंडरों के खिलाफ लगातार आरपीएफ की ओर से अभियान भी चलाया जाता है, इसमें वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी सक्रिय रहते हैं। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर आरपीएफ ने पिछले आठ माह में 400 के करीब अवैध वेंडरों को पकड़ा है और इनसे जुर्माने के तौर पर लगभग पांच लाख रुपये वसूले गए हैं। संवाद