अंबाला सिटी। शहर में चल रहे चुनावी दंगल के बीच पंजाबी समाज ने भाजपा प्रत्याशी शैलजा सचदेवा को समर्थन देने का ऐलान कर दिया। इससे विपक्षियों के हौसले पस्त हो गए हैं। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के जिला अध्यक्ष सुंदर ढींगरा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जहां बड़ी की संख्या में पंजाबी और सिख समाज के लोग शामिल हुए।
डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा, पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल, हैफेड चेयरमैन कैलाश भगत मुख्य रूप से शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचे नेताओं का राष्ट्रीय पंजाबी महासभा ने तलवार भेंट कर व पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इसके साथ ही सिख संगत ने नेताओं को सिरोपा भेंट कर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में पंजाबी समाज और सिख समाज ने भाजपा प्रत्याशी शैलजा सचदेवा को अपना समर्थन देने का ऐलान किया।
मंच से संबोधन में डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्ढा ने बताया कि आज पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश और विदेशों में हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का डंका बज रहा है। भाजपा की नीतियां ही एक मात्र वह वजह है जिनके चलते केंद्र और हरियाणा के बाद दिल्ली में कमल खिला। उन्होंने कहा आज हरियाणा में कांग्रेस का कोई नाम लेने वाला नहीं है। कांग्रेसियों में भगदड़ मची हुई है। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री असीम गोयल ने भी लोगों से संवाद किया। इस कार्यक्रम से पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल कौशिक भी अंबाला शहर पहुंचे। जहां सर्वप्रथम उन्होंने शहर के मॉडल टाउन में स्थित परशुराम भवन में ब्राह्मण महासम्मेलन में हिस्सा लिया । इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा भी मौजूद रहे। इस दौरान ब्राह्मण समाज ने भी भाजपा प्रत्याशी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहने की बात कही।
इस मौके पर राष्ट्रीय पंजाबी सभा के जिला अध्यक्ष सुंदर ढींगरा, भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा, सीनियर डिप्टी मेयर मीना ढींगरा, भाजपा नेता संदीप सचदेवा, पार्षद मनीष आनन्द व अन्य गणमान्य मौजूद रहे।