अंबाला। शाहपुरा गांव में चल रही पंचायत के बीच ही आधा दर्जन युवकों ने पंच पर डंडे व ईंट से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पंच का आरोप है कि आरोपी युवक उसे सड़क से खींचकर अपने बाड़े में ले गए और मारपीट कर बेहोश कर दिया। महेश नगर पुलिस ने गुरदीप सिंह, बलदीप सिंह, दविंद्र, गुरपाल सिंह, भूपिंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
महेश नगर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुरा गांव में मनिंद्र सिंह ने बताया कि वह गांव का पंच है। 20 मार्च को किसी के कब्जे के संबंध में पंचायत हो रही थी। इस बीच शाहपुरा के देविंद्र को समझाया गया कि कब्जे वाली जगह किसी की नहीं है और वहां पर गांव का बस स्टैंड बनाया जाएगा। इस पर गुरदीप सिंह, बलदीप सिंह, दविंद्र, गुरपाल सिंह, भूपिंद्र सिंह ने उस पर हमला कर दिया। बाजू पर डंडा मारने के बाद आराेपी उसे सड़क से खींचकर अपने बाड़े में ले गए और वहां पर भी सिर पर ईंट मारी। इस बीच वह बेहोश हो गया था। ग्रामीणों ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।