अंबाला शहर स्थित दुर्गा नगर के पास सुरेंद्र नगर में लोगों ने एक चोरी के आरोपी युवक की जमकर धुनाई कर दी। जबकि उसके अन्य साथी वहां से फरार हो गए।
आरोपी की शिकायत इसी कालोनी की एक महिला ने पुलिस में की हुई थी और ये आरोपी इसी बात को लेकर अपने कुछ साथियों के साथ महिला को पीटने कालोनी में पहुंचा हुआ था।
जैसे ही इस महिला ने वहां शोर मचाया, तभी वहां इकट्ठा लोगों ने युवाओं को घेर लिया। इनमें से एक चोरी का आरोपी युवक तो काबू आ गया, बाकी सभी फरार हो गए। उसके बाद इसकी ठीकठाक पिटाई कर उसे सदर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र नगर में पीड़ित महिला के पति की ही सेनेटरी की दुकान है। वहां से रोजाना रात को कुछ न कुछ सामान गायब हो रहा था। इसी वजह से महिला के पति ने दुकान के सामने वाले पड़ौसियों को अपना फोन नंबर देकर रात को दुकान पर नजर रखने को कहा था।
महिला के अनुसार दो दिन पहले रात को फिर से कुछ चोर उनकी दुकान में पहुंचे और वहीं पड़ा सामान उठाने लगे, तभी शोर सुनकर पड़ोसी जाग गए और उन्होंने उसके पति द्वारा दिए गए नंबर पर फोन कर दिया।
चोरों की पहचान होने के बाद पीड़ित महिला ने दो युवकों के खिलाफ थाने में शिकायत दे दी।