संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को लेकर आरपीएफ ने योजना तैयार की है ताकि स्टेशन पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जा सकें। आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन के परिसर सहित प्लेटफार्मों पर कुछ जगह को चिह्नित किया है जो अभी सीसीटीवी कैमरों की नजर में नहीं हैं।
वहीं रेलवे यार्ड में होने वाली चोरी व छीनाझपटी की घटनाओं को रोकने के लिए भी संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के स्थान निर्धारित किए हैं।
रेलवे स्टेशन और यार्ड की सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए लगभग 250 सीसीटीवी कैमरों का प्रस्ताव अब विभागीय अधिकारी को भेजा गया है।
इन जगहों पर खामी : पूर्व में हुई घटनाओं का आकलन करते हुए आरपीएफ ने कुछ विशेष जगह को चिह्नित किया है, जहां से आरोपी बच के निकल सकता है। कुछ मामलों में यह भी सामने आया है कि जहां घटना हुई, वहां कोई कैमरा ही नहीं लगा हुआ था। ऐसे स्थानों में प्लेटफार्म के दो अंतिम छोर शामिल हैं। प्लेटफार्म के मध्य को तीन से चार कैमरे लगाए गए हैं लेकिन प्लेटफार्म के किसी भी छोर पर कैमरा नहीं है। इसी प्रकार रेलवे यार्ड से आने वाली ट्रेनों की निगरानी के लिए भी किसी प्वाइंट पर कोई भी कैमरा नहीं है।