अंबाला। 35 अवैध कॉलोनियों को भी वैध करने की प्रक्रिया नगर परिषद ने आरंभ कर दी है। इसके लिए जिला योजनाकार विभाग यानी डीटीपी से नक्शा ले लिया है। नक्शे के आधार पर अब कॉलोनियों का खाका तैयार किया जाएगा।
इस दौरान आबादी और क्षेत्र फल के हिसाब से रिपोर्ट तैयार की जाएगी जोकि आगामी कार्रवाई के लिए निकाय विभाग के पास भेजी जाएगी। इसमें डिफेंस कॉलोनी, करधान का क्षेत्र और मिल के पीछे की कॉलोनियों को शामिल किया जाएगा।
55 कॉलोनियों के वैध होने का इंतजार
विधानसभा चुनावों को लेकर 16 अगस्त को आचार संहिता लगी थी। लगभग एक माह पहले नगर परिषद ने अंबाला छावनी क्षेत्र की लगभग 55 कॉलोनियों का प्रस्ताव तैयार करके निकाय विभाग के मुख्यालय भेजा था, लेकिन आचार संहिता के कारण कॉलोनियों को वैध करने का काम अटक गया था। प्राप्त जानकारी अनुसार जल्द ही इन कॉलोनियों की अधिसूचना जारी हो सकती है क्योंकि इस संबंध में कुछ अन्य दस्तावेज और जानकारी पहले ही मांग ली गई थी।
ग्रामीण क्षेत्र किए थे शामिल
55 कॉलोनियों में नगर परिषद ने बब्याल, दलीपगढ़, चंदपुरा, महेशनगर, आनंद नगर, दयाबाग, डिफेंस एन्क्लैव एक्सटेंशन, सैनिक नगर वशिष्ठ नगर,बोह, टूंडला व कलरेहड़ी आदि के कुछ क्षेत्र शामिल किए थे।
वहीं, शहरी क्षेत्र में दुर्गा नगर, गोबिंद नगर, राजिंदरा पार्क, राम किशन कॉलोनी, राम नगर, रामबाग कॉलोनी, शक्ति नगर, अग्रसेन नगर, कीर्ति नगर, पंजाबी बाग, राजा पार्क और शिव पुरी कॉलोनी आदि को शामिल किया गया था।
नगर परिषद द्वारा लगभग 35 अवैध कॉलोनियों को लेकर कार्रवाई आरंभ की गई है ताकि इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करके मुख्यालय भेजी जा सके। डीटीपी से प्राप्त नक्शे के आधार पर पूरी रिपोर्ट तैयार की जाएगी। अभी 55 कॉलोनियों से जुड़ी अधिसूचना जारी नहीं हुई है, जैसे ही जानकारी मिलेगी तो वो साझा कर दी जाएगी।
रविंदर कुहाड़, कार्यकारी अधिकारी नप सदर।