अंबाला सिटी। जिले में कई निजी स्कूल अपनी मान्यता के स्तर से अधिक की कक्षाएं संचालित कर रहे हैं। इसकी जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने सभी बीईओ को पत्र जारी किया है। पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि सभी बीईओ अपने खंड के विद्यालयों का निरीक्षण करते हुए यह सुनिश्चित करें कि विद्यालयों द्वारा अपने सूचना बोर्ड पर या विद्यालय के मुख्य द्वार पर अपनी मान्यता का स्तर अंकित किया है या नहीं और ऐसे विद्यालय जिनके द्वारा अपनी मान्यता के स्तर से अधिक की कक्षाएं संचालित की जा रही पाई जाती हैं, उनकी रिपोर्ट 16 अप्रैल तक दी जाए। यदि उसके बाद भी कोई विद्यालय ऐसा करता पाया गया तो वह स्वयं उसके जिम्मेवार होंगे।
-
विभाग ने अस्थायी मान्यता वाले स्कूलों को कक्षाएं लगाने की नहीं दी थी अनुमति
विभाग ने मार्च में पत्र जारी किया था कि जो निजी स्कूल अस्थायी मान्यता एवं अस्थायी अनुमति पर चल रहे थे, उन विद्यालयों को 31 मार्च 2024 के उपरांत किसी प्रकार की अगले वर्ष बिना मान्यता प्राप्त किए कक्षाएं लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। विभाग ने 29 मार्च को सभी स्थायी मान्यता प्राप्त विद्यालयों का स्तर अंकित करते हुए सूची भेजकर निर्देश दिए थे कि कोई भी विद्यालय इसमें अंकित स्तर से अधिक की कक्षाएं संचालित न करें, लेकिन जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी की ओर से निदेशालय को भेजी गई रिपोर्ट के अनुसार पहली से 8वीं की मान्यता वाले विद्यालयों द्वारा 9 से 12 तक की कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि सभी बीईओ को निर्देश दिए गए हैं कि निजी स्कूलों में चेक किया जाए कि स्कूल ने अपने सूचना बोर्ड या विद्यालय के मुख्य द्वार पर अपनी मान्यता का स्तर अंकित किया है या नहीं। ऐसे विद्यालय जिनके द्वारा अपनी मान्यता के स्तर से अधिक की कक्षाएं संचालित की जा रही पाई जाती हैं तो उनकी रिपोर्ट 16 अप्रैल तक दी जाए।