संवाद न्यूज एजेंसी
शहजादपुर। पहले नंबर लगाकर सवारियां बैठाने के विवाद में शहजादपुर बस स्टैंड में प्राइवेट बस के चालक ने सरकारी बस परिचालक की पिटाई कर वर्दी भी फाड़ दी। शहजादपुर थाना पुलिस ने आरोपी चालक कर्ण सिहं उर्फ कन्नु के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में परिचालक पुष्पिंद्र ने बताया कि वह सब डिपो नारायणगढ़ से बस लेकर सुबह 9 बजकर 15 मिनट पर अंबाला सिटी के लिए चला था। जैसे ही शहजादपुर बस स्टैंड पर सवारी उतारने के लिए बस रोकी तो पीछे से आ रही प्राइवेट प्राइवेट बस का चालक सलोला गांव निवासी कर्ण सिहं उर्फ कन्नु ने अपनी बस को उनके आगे लगा दिया। रोककर नीचे आया और हमारी बस में चढ़कर गाली गलौज शुरू कर दी। देखते ही मारपीट करते हुए वर्दी फाड़ दी।
कहने लगा की तूने उसके नंबर से पहले अपनी बस को लगाकर बस में सवारियां भरने की हिम्मत कैसे की। तभी बस के चालक पवन कुमार व अन्य सवारियों ने छुड़वाया। सूचना पाकर शहजादपुर बस स्टैंड इंचार्ज अजैब सिंह भी मौके पर पहुंचे और बीचबचाव कर मामले को शांत करवाया। शिकायतकर्ता परिचालक का आरोप है कि चालक ने उसे धमकी दी की आज तो तूने ऐसा कर दिया, अगर दोबारा से किया तो जान से मार दूंगा। इतने में वह बस लेकर फरार हो गया।