अंबाला। हरियाणा परिवहन आयुक्त द्वारा निजी बसों में रोडवेज पास अनिवार्य करने के आदेशों का निजी बस ऑपरेटर्स ने मना कर दिया। निजी बसों की एसोसिएशन ने इन आदेश को मानने से इन्कार कर दिया है। बस संचालकों का तर्क है कि जब पास के एवज में रोडवेज को भुगतान मिलता है तो निजी संचालक मुफ्त सेवा क्यों दें। इसे लेकर ट्रासंपोर्ट सोसाइटी बस वेलफेयर एसोसिएशन अंबाला के पदाधिकारियों ने वीरवार को बस स्टैंड स्थित कार्यालय में बैठक की। निर्णय लिया कि इस मामले में सभी पदाधिकारी जल्द ही परिवहन मंत्री अनिल विज से मिलकर मुलाकात करेंगे। तब तक वह विद्यार्थियों को बस पास पर यात्रा नहीं कराएंगे।
72 प्राइवेट बसें नौ रूटों पर कर रही संचालन
अंबाला में 72 प्राइवेट बसें हैं जो नौ रूटों पर संचालन करती हैं, जिसमें अंबाला सिटी- जगाधरी, अंबाला सिटी- नारायणगढ़, अंबाला सिटी- पिहोवा, अंबाला सिटी- रायपुररानी, अंबाला सिटी- साढौरा, अंबाला सिटी-पीपली, अंबाला सिटी-लाडवा, नारायणगढ़ - यमुनानगर, अंबाला कैंट- नारायणगढ़ शामिल हैं।
प्रतिपूर्ति नीति पर फंसा पेंच
ट्रासंपोर्ट सोसाइटी बस वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान रामनाथ ने बताया कि परिवहन आयुक्त पिछले छह महीनों में तीन-चार पत्र जारी कर चुके हैं, लेकिन किसी में भी भुगतान की स्पष्ट नीति नहीं है। रोडवेज पास जारी कर संबंधित विभागों से भुगतान प्राप्त करता है, जबकि निजी संचालकों के लिए ऐसी कोई व्यवस्था नहीं है। सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि रोडवेज द्वारा जारी पास निजी बसों में जबरन लागू नहीं किए जा सकते।
पास हम बनाएंगे या रोडवेज की तर्ज पर मिले मानदेय
अंबाला एसोसिएशन के सदस्य ने देसराज बताया कि अब इस मुद्दे को लेकर परिवहन मंत्री अनिल विज के समक्ष पक्ष रखेंगे। संचालकों का प्रस्ताव है कि या तो सरकार स्पष्ट नीति बनाए कि निजी बसें अपने पास खुद जारी करेंगी, या फिर रोडवेज के पास मान्य करने की स्थिति में उन्हें भी समान मानदेय दिया जाए। वहीं संजय साहनी ने मांग की कि यदि रोडवेज के पास निजी बसों में चलेंगे, तो निजी संचालकों द्वारा बनाए गए पास भी रोडवेज बसों में मान्य होने चाहिए।
छात्रों के प्रवेश पर रोक की चेतावनी
सुरेंद्र राजू शर्मा ने कहा कि आर्थिक नुकसान के कारण वे रोडवेज पास धारकों को बसों में नहीं बैठाएंगे। उन्होंने बताया कि 10 साल से किराया नहीं बढ़ा है, जबकि डीजल 60 से 90 रुपये लीटर हो चुका है। संचालकों ने विकल्प दिया कि जो छात्र या यात्री निजी बसों का पास बनवाएंगे, उन्हें पूरी सुविधा दी जाएगी। अंबाला कैंट, सिटी और नारायणगढ़ कार्यालयों में पास बनवाने की सुविधा उपलब्ध है।