अंबाला छावनी में महाराजा ढाबा के सामने बहस करते हरियाणा रोडवेज बस चालक व प्राइवेट बस कंडक्टर।
- फोटो : Ambala
अंबाला। सवारियां बिठाने की होड़ में छावनी बस अड्डे के बाहर बसों के खड़े होने से जाम लग रहा है। सवारियां बिठाने को लेकर रोडवेज और प्राइवेट बसों के चालक आपस में उलझ भी रहे हैं। रविवार को बस अड्डे के बाहर सवारियां बिठाने को लेकर प्राइवेट बसों के चालक, परिचालक और रोडवेज बसों के चालक, परिचालक आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक हो र्गई। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया।
सवारियां बिठाने के लिए हरियाणा रोडवेज और प्राइवेट बसें ज्यादातर छावनी बस अड्डे के बाहर खड़ी रहती हैं। इससे यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। सवारियों को लेकर रोडवेज और प्राईवेट बसों के चालकों के बीच बहस भी होती है। रविवार को भी छावनी बस अड्डे के बाहर कुछ ऐसे ही हालात देखने को मिले। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार अंबाला सिटी से लाडवा के बीच संचालित एक प्राइवेट बस का चालक जानबूझकर करनाल और पानीपत की सवारियों को भी बस में बैठा रहा था। जब इसकी जानकारी मौके पर मौजूद हरियाणा रोडवेज पानीपत डिपो के चालक व परिचालक को मिली तो उन्होंने प्राइवेट बस चालक व परिचालक को ऐसा करने से रोक दिया।
इस मामले को लेकर प्राइवेट बस के चालक व परिचालक हरियाणा रोडवेज बस के चालक व परिचालक से भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समझाकर शांत करा दिया। पानीपत डिपो के चालक व परिचालक ने बताया कि प्राइवेट बसें अपने निर्धारित रूट पर नहीं चलती हैं। इन बसों के चालक परिचालक दूसरे मार्ग पर जाने वाली सवारियों को गुमराह करके अपनी बसों में बिठा लेते हैं और फिर उन्हें पिपली व कुरुक्षेत्र के पास पहले से ही खड़ी दूसरी बसों में बैठाकर गंतव्य की तरफ भेज देते हैं।
इस संबंध में छावनी बस अड्डा अधीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि ऐसा कोई मामला उनके संज्ञान में नहीं है। अगर संबंधित डिपो के चालक व परिचालक की तरफ से शिकायत दी जाएगी तो उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्राइवेट बस के संचालकों को निर्धारित रूट पर ही बसें संचालित करने के आदेश दिए हुए हैं। अगर कोई आदेशों की अवहेलना करता पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।