अंबाला। जेल में सजा काट रहे अच्छे आचरण वाले कैदी जल्द ही पंप पर वर्दी पहनकर पेट्रोल और डीजल डालते हुए नजर आएंगे। सेंट्रल जेल प्रबंधन की तरफ से यह पंप अंबाला सिटी के हर्बल पार्क के सामने तैयार किया जा रहा है।
इसका काम लगभग पूरा हो चुका है और अप्रैल माह में इसकी शुरुआत की जाएगी। फिलहाल यह बिना उद्घाटन के ही चलाया जाएगा। जल्द ही 11 जिलों में बनाए जा रहे इन पंप का शुभारंभ एक साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की ओर से किया जाएगा। दरअसल, इंडियन ऑयल को-ऑर्पोरेशन लिमिटेड के इस पंप को तैयार करने में करीब तीन करोड़ रुपये का खर्च आया है। इसके लिए जेल प्रबंधन ने अलग-अलग विभागों से एनओसी ली। यह पंप पहले दिसंबर माह तक तैयार होना था लेकिन एनओसी मिलने में देरी हो गई थी।
कैदियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
सेंट्रल जेल प्रबंधन की तरफ से अच्छे आचरण वाले कैदियों की सूची तैयार कर ली गई है। जो अलग-अलग शिफ्ट में काम करेंगे। इस पंप पर पुलिस का भी पहरा रहेगा। काम के बदले में कैदियों को वेतन भी मिलेगा। शिफ्ट खत्म होने के बाद कैदी दोबारा जेल में ही जाएंगे। पंप शुरू करने से पहले कैदियों को सेफ्टी उपकरणों, बैंकिंग, वितरण इकाई का संचालन, डिजिटल भुगतान व ग्राहकों से व्यवहार आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
कुरुक्षेत्र से की गई थी शुरुआत
अंबाला सेंट्रल जेल अधीक्षक सतविंद्र गोदारा ने बताया कि अभी तक इस तरह का पंप कुरुक्षेत्र में चल रहा है। इसके अलावा 11 जिलों में यह पंप तैयार की जा रहे हैं। इनमें अंबाला के अलावा, यमुनानगर, करनाल, सोनीपत, हिसार, नूंह, फरीदाबाद, भिवानी, सिरसा, नारनौल और जींद शामिल है। इन पेट्रोल पंप को इंडियन ऑयल को-ऑर्पोरेशन लिमिटेड की तरफ से बनाया जा रहा है। अंबाला वाले पंप पर पेट्रोल, डीजल और सीएनजी गैस की मशीनें है। साथ ही इलेक्ट्रिक गाड़ियों के लिए भी चार्जिंग प्वाइंट भी लगाए जा रहे हैं।
वर्जन
पेट्रोल पंप का काम लगभग पूरा हो चुका है। अप्रैल माह तक इसे शुरू कर दिया जाएगा। पेट्रोल पंप के संचालन का जिम्मा अच्छे आचरण वाले कैदी व प्रबंधन का होगा। पुलिस की भी हर समय कैदियों पर विशेष नजर रहेगी।
सतविंद्र गोदारा, सेंट्रल जेल अधीक्षक, अंबाला।