अंबाला। सेंट्रल जेल की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले बंदी अजय को सीआईए-1 की टीम ने चार दिन के बाद काबू कर लिया। टीम ने आरोपी को जीरकपुर के पास से दबोचा।
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी के पास रुपये न होने के कारण वह वाहन चालकों से लिफ्ट मांगकर जीरकपुर पहुंचा था। बताया जाता है कि आरोपी ने मदद के लिए अपने घर पर संपर्क किया था, तभी पुलिस साइबर सैल की मदद से आरोपी तक पहुंची। हालांकि पुलिस की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई। सीआईए प्रभारी हरजिंद्र सिंह ने बताया कि बिहार के खजूरी गांव निवासी अजय कुमार को टीम ने बुधवार को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उधर, आरोपी से जेल प्रशासन अपने स्तर पर भी पूछताछ करेगा, साथ ही पता लगाएगा कि आखिर किसी ने आरोपी के भागने में मदद की है या नहीं।