अंबाला सिटी। वीटा प्लांट को अंबाला सिटी से स्थानांतरित करने की आस एक बार फिर जगी है। इस प्लांट के स्थानांतरण के लिए सहकारिता विभाग ने मुख्यमंत्री कार्यालय को फाइल भेजी है। मामले पर संज्ञान लेते हुए अंबाला में वीटा प्लांट के लिए जगह उपलब्ध कराने का निवेदन किया गया है। इस प्लांट को बनाने के लिए 16 एकड़ जमीन मांगी गई है।
मौजूदा समय में वीटा प्लांट अंबाला सिटी में स्थित है। प्लांट के विस्तार और अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए जगह कम पड़ रही है। नया वीटा प्लांट बनने के दौरान यहां पर अत्याधुनिक ऑटोमेटिक मशीनें लगाई जाएंगी। इसके हरियाणा के साथ पंजाब और चंडीगढ़ तक वीटा अपने उत्पाद पहुंचा सकेगा। इस कारण से सहकारिता विभाग इस प्लांट को अंबाला में किसी अन्य स्थान पर ले जाने की कोशिश कर रहा है। यह प्लांट वर्ष 1962 में सिटी के कालका चौक के पास स्थापित हुआ था।
गोला व धनौरा में देखी थी जमीन
पूर्व में द अंबाला जिला कॉरपोरेटिव मिल्क प्रोड्यूर्स यूनियन ने सुझाव दिया था कि वीटा मिल्क प्लांट को शिफ्ट करते समय दुग्ध उत्पादकों के हित को देखे जाने की मांग रखी थी। प्रशासन ने इसके लिए गांव गोला में 16 एकड़, गांव धनौरा में 17 एकड़ जमीन भी ऑफर की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने अंबाला हिसार रोड पर गांव मणना और शहजादपुर में गांव तसड़ौली में जमीन देखी थी। जमीन को लेने के लिए ई-भूमि पोर्टल पर भी आवेदन मांगे गए थे मगर यह योजना सिरे न हीं चढ़ सकी।
मौजूदा समय में ये हैं सुविधाएं
वीटा मिल्क प्लांट में अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर जिलों से रोजाना करीब एक लाख 10 लीटर दूध रोजाना आ रहा है। यह दूध सोसाइटी के माध्यम से वीटा में पहुंचता है। वीटा इन सोसाइटी को दूध का भुगतान करता है। वीटा प्लांट में पैसूराईजर प्लांट, एयर लॉक एरिया, पनीर मेन्युफैक्चरी सेक्शन, दही पैकिंग सेक्शन व क्षमता के मुताबिक दूध को गरम करने वाले स्थान व ठंडा करने वाले स्थान हैं। यहां से दूध, दही व पनीर के साथ-साथ अन्य उत्पाद की डिमांड व सप्लाई रहती है। प्लांट से चंडीगढ़, पंचकूला, कांगड़ा, काला अम्ब आदि अन्य क्षेत्रों में दूध, दही व पनीर व बोतल वाले दूध की सप्लाई रहती है। साथ ही पनीर मैन्यूफैक्चरी सैक्शन, दही पैकिंग सेक्शन भी हैं।