अंबाला सिटी। बजट बैठक पर निगम अधिकारियों की आधी-अधूरी तैयारी है। अधिकारी जल्द ही बजट बैठक बुलाने की तैयारी में जुटे थे, मगर अधिकारियों से मेयर शैलजा सचदेवा ने बैठक बुलाने से पहले एजेंडा मांगा है कि किस कार्य के लिए कितना बजट रखा जाएगा और कौन से कार्य उसमें शामिल किए जाएंगे।
मेयर शैलजा सचदेवा ने कहा कि अधिकारी उन्हें पहले एजेंडा उपलब्ध कराएं। इसके बाद ही बजट बैठक बुलाई जाएगी। बता दें कि निगम अधिकारियों ने मेयर शैलजा सचदेवा को बजट बैठक बुलाने को लेकर कहा था, मगर निगम अधिकारियों की अधूरी तैयारी के कारण अभी बैठक होना संभावित नहीं लग रहा है, क्योंकि निगम अधिकारी बैठक को लेकर अभी तक एजेंडा तैयार नहीं कर पाए हैं। बैठक के एजेंडा को पहले मेयर देखेंगी, इसके बाद पार्षदों को बैठक के लिए बुलाया जाएगा।
बीते वर्ष मई माह में हुई थी बजट बैठक
बीते वर्ष मई माह में निगम की बजट बैठक हुई थी। उस बैठक से पूर्व निगम अधिकारियों ने शहर के विकास कार्यों को लेकर बजट प्रस्तावित किया था। जिसमें रोड रिपेयर व नई गलियों के लिए कम बजट रखा था। इस पर तत्कालीन मेयर शक्तिरानी शर्मा ने निगम अधिकारियों को बजट को दोबारा संशोधित करने के निर्देश दिए थे। करीब दस माह बीतने के बाद भी शहर की रोड टूटी हैं। निगम ने शहर की सड़क बनाने के लिए कोई कार्य नहीं किया।
वहीं, निगम की ओर से कई माह से शहर की सड़कों को बनाने के लिए टेंडर लगाने की बात कही जा रही है, मगर अभी तक टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं हुई। इसके साथ ही शहर की सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। शहर में बेसहारा गोवंश, आवारा कुत्तों की समस्या बरकरार है। निगम में संसाधनों की कमी होने से शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है।