अंबाला। छावनी बस अड्डे पर पांच घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस कारण सभी पंखे बंद हो गए और वाटर कूलर में ठंडा पानी न होने से यात्री गर्मी में बेहाल रहे। संस्थान प्रबंधक के कमरे में सुरक्षा के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे और डिस्पले बोर्ड भी बंद हो गए।
कुछ समय पहले लगाया गया नया जेनरेटर भी शोपीस बना हुआ है। जो आज तक नहीं चला। बस अड्डे के पास से गुजर रही लाइन में फाल्ट के कारण यह समस्या आई। बस अड्डा पर सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली आपूर्ति बंद रही। इस कारण बस अड्डा परिसर में काउंटर नंबर एक से लेकर काउंटर नंबर 18 तक सभी पंखे और फर्राटे बंद पड़े थे, बस के इंतजार में बैठे यात्री गर्मी में बेहाल रहे।
विज्ञापन
एक ही वाटर कूलर चल रहा : सबसे ज्यादा स्थिति पानी की खराब रही। परिसर में तीन वाटर कूलर लगे हुए हैं जिनमें से एक वाटर कूलर चल रहा है उसमें भी बिजली न होने के बाद कारण ठंडा पानी नहीं था। वहीं परिसर में लगे दो और वाटर कूलर के रिपेयर होने के चलते अब तक कनेक्शन नहीं किए गए, जो बंद पड़े रहे।
नहीं मिल पाए हैप्पी कार्ड : लाइट न होने के कारण पास कार्यालय में हैप्पी कार्ड लेने पहुंचे लाभार्थी भी परेशान होते रहे। कार्यालय में अंधेरा छाया रहा। कई लाभार्थी हैप्पी कार्ड के लिए इंतजार करते रहे।