बराड़ा के पास सरांवा से जलूबी सड़क पर गड्ढों की भरमार। संवाद
बराड़ा। बराड़ा से साढाैरा सड़क जोकि कुछ दिन पहले ही बनी थी, अब उस पर बडे़-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया है। यही कारण है कि अब यह सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है।
उल्लेखनीय है कि यह सड़क कई राज्यों को आपस में जोड़ती है। हरियाणा ही नहीं बल्कि दिल्ली से हिमाचल जाने वाले वाहन भी इस सड़क का इस्तेमाल करते हैं। यह सड़क कई वर्षों से टूटी हुई थी। सड़क पर गड्ढों की भरमार थी। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढों से रोजाना हादसे हो रहे थे। इससे वाहन खराब हो रहे थे और लोग भी चोटिल हो रहे थे। सबसे ज्यादा परेशानी सड़क किनारे बसे गांव वालों को उठानी पड़ रही थी।
होनी चाहिए जांच
स्थानीय लोगों की मानें तो पिछले दिनों इस सड़क पर काम शुरू हुआ था। सरांवा से जलूबी तक इस सड़क पर काम मंजूर हुआ। सड़क बनने से लोगों ने राहत ली, उन्हें लगा कि अब उनकी समस्या हल हो गई है। लेकिन अब फिर से यह सड़क टूटने लगी है। गड्ढे बन गए हैं और बजरी सड़क किनारे बिखरी पड़ी है। लोगों का आरोप है कि इसमें घटिया निर्माण सामग्री का प्रयोग किया गया है। इसलिए सड़क का बुरा हाल हो गया है। इसकी जांच होनी चाहिए ताकि निर्माण में बरती गई लापरवाही उजागर हो सके और दोषी को सजा मिल सके।
वर्जन
अभी सड़क पर सामग्री की एक लेयर और बिछाई जानी है। जल्द ही गड्ढों को भरवाकर अंतिम लेयर डालने का काम शुरु कर दिया जाएगा। घटिया निर्माण सामग्री के आरोप गलत हैं। लोगों को किसी प्रकार की समस्या नहीं आने दी जाएगी।
जसविंदर सिंह, कार्यकारी अभियंता, लोकनिर्माण विभाग