अंबाला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को देखते हुए अंबाला पुलिस की तरफ से रविवार विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। हालांकि सुरक्षा को देखते हुए अपराधों, नशे की रोकथाम व संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए यह अभियान अंबाला सिटी, कैंट व पंजोखरा साहिब थाना क्षेत्र में चलाया गया।
अंबाला पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के दिशा निर्देशानुसार संबंधित थाना प्रभारियों व मुलाजिमों ने अपने क्षेत्र के होटल, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, ढाबे, धर्मशालाएं, टैक्सी स्टैंड, मॉल व मुख्य बाजार खंगाले, साथ ही घुमन्तू जाति के लोग जो झुग्गी-झोपडियों में अभी कुछ ही समय से आकर रहने लगे हो, उनकी गहनता से जांच की गई ताकि आसपास कोई आपराधिक प्रवृति का व्यक्ति छिपा न हो। एसपी अजीत सिंह ने कहा कि अगर कोई संदिग्ध पाया जाता है तो उस पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इसके साथ-साथ जिले में अपराध की रोकथाम व अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया गया।