कुरुक्षेत्र। पुराने बस अड्डे स्थित टैक्सी चालकों को यातायात नियमों की जानकारी देते परिवहन विभा
कुरुक्षेत्र। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर जिला प्रशासन, यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से शहर में जागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान 31 जनवरी तक चलेगा, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।
शनिवार को पुराने बस अड्डे, पुलिस थाना केयूके और पिपली टैक्सी स्टैंड सहित शहर के प्रमुख स्थानों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। यातायात पुलिस की टीम ने वाहन चालकों को हेलमेट व सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, मोबाइल फोन का उपयोग न करना, नशे में वाहन न चलाना, ट्रैफिक सिग्नल का अनुपालन और गलत साइड ड्राइविंग से बचने की सलाह दी। पैदल यात्रियों को जेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करने और बच्चों-बुजुर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि ठंड और कोहरे के मौसम में विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने कैशलेस उपचार योजना और सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। यह अभियान केंद्र सरकार के सड़क परिवहन व राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों और सर्वोच्च न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति की अनुशंसाओं के अनुरूप चलाया जा रहा है।
डीएसपी यातायात रोहतास कुमार ने बताया कि अभियान का मुख्य लक्ष्य सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। पूरे माह जिले के चौराहों, बस अड्डों, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे।
संयुक्त टीम में आरटीओ इंस्पेक्टर जोगिंदर ढुल, ट्रैफिक थाना प्रभारी सुखदेव, एसआई शेर सिंह और सिविल सर्जन कार्यालय से डॉ. कृष्ण दत्त शामिल रहे।