17केएलटी6,7: कलायत में संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए तलाशी अभियान चला रही पुलिस
- फोटो : 1
कलायत। नगर में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों की बढ़ती तादाद से उपजी सुरक्षा चिंताओं के बीच पुलिस प्रशासन ने शनिवार को कड़ा रुख अपनाया। थाना प्रभारी बलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर की कश्यप बस्ती, बस स्टैंड परिसर, अनाज मंडी और मोर चढ़ाई तालाब के पास स्थित झुग्गी-झोपडिय़ों में सघन तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने वहां रह रहे लोगों के आधार कार्ड व अन्य पहचान पत्रों की जांच की।
गौरतलब है कि शुक्रवार को एडवोकेट सतीश धीमान, संजीव राणा, भंवर सिंह राणा और मनोज शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर अज्ञात लोगों की बढ़ती संख्या पर अंकुश लगाने और उनके दस्तावेजों की वेरिफिकेशन करवाने की मांग उठाई थी। जांच अभियान के दौरान स्थानीय निवासियों ने पुलिस के समक्ष यह मुद्दा भी उठाया कि इन अस्थाई बस्तियों में रहने वाले बच्चे अक्सर शहर के मुख्य मार्गों और बाजारों में भीख मांगते नजर आते हैं। जन भावनाओं और सुरक्षा पहलुओं को देखते हुए थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने झुग्गीवासियों को कड़ी चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई भी बच्चा या वयस्क भीख मांगता पाया गया, तो उनके खिलाफ कानून सम्मत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने डेरा डाले हुए लोगों को हिदायत दी कि वे अपनी मर्यादा में रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि में शामिल न हों। थाना प्रभारी ने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सजग है। उन्होंने बताया कि जल्द ही एक विशेष अभियान चलाकर नगर के तमाम संवेदनशील इलाकों में रह रहे संदिग्धों के पहचान पत्रों और उनके पुराने रिकॉर्ड की गहनता से वेरिफिकेशन की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वाले या बिना वैध दस्तावेजों के रह रहे किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस की इस सक्रियता के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।
17केएलटी6,7: कलायत में संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए तलाशी अभियान चला रही पुलिस- फोटो : 1