संवाद न्यूज एजेंसी
कैथल। सीवन थाना पुलिस ने 500 प्रतिबंधित ट्रामाडोल गोलियों के साथ गांव खरोदी निवासी करण को काबू किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बस में सवार होकर नशीली गोलियां लेकर गुहला चीका और सीवन क्षेत्र के आसपास के गांवों में सप्लाई करता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सीवन में प्राथमिकी दर्ज कर ली।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि थाना सीवन प्रभारी की टीम को सूचना मिली थी कि खरोदी निवासी करण नशीली प्रतिबंधित गोलियां बेचने का काम करता है। वह नशीली दवाइयां लेकर बस से भूना मोड़ कांगथली आएगा। इस पर पुलिस टीम ने निगरानी शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक युवक बस से उतरकर गांव भूना की तरफ आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखकर उसने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद नायब तहसीलदार गुहला बलराज की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड की 50 स्ट्रिप बरामद हुईं। प्रत्येक स्ट्रिप में 10 गोलियां थीं। इस तरह कुल 500 गोलियां बरामद की गईं।
पुलिस ने बरामद गोलियों के संबंध में ड्रग कंट्रोल अधिकारी से राय ली। अधिकारी ने गोलियों को प्रतिबंधित बताया। इसके बाद थाना सीवन ने मामले की आगामी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है कि वह गोलियां कहां से लेकर आया था और किन लोगों तक इनकी सप्लाई की जानी थी।
पहले भी सामने आ चुके हैं ट्रामाडोल सप्लाई के मामले
जिले में इससे पहले भी नशीली ट्रामाडोल गोलियों की सप्लाई के मामले सामने आ चुके हैं। 31 अगस्त को एंटी नारकोटिक्स सेल ने शुगर मिल कैथल के सामने से शुभम को 40 प्रतिबंधित नशीली गोलियों के साथ पकड़ा था। इसी दिन कुलदीप सिंह को ट्रामाडोल की प्रतिबंधित गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच के बाद पुलिस ने इसके मुख्य सप्लायर फतेहाबाद निवासी प्रेम को भी गिरफ्तार किया था। 12 अगस्त को ढांड चौक के पास से पिहोवा निवासी प्रीत और अंकुश को 110 प्रतिबंधित नशीली गोलियों और 641 ग्राम नशीले घोल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार आरोपी इन गोलियों को लिक्विड दवाओं में मिलाकर नशीले इंजेक्शन तैयार करते थे। 28 जुलाई को चीका पुलिस ने सिल्वर कॉलोनी से सीवन निवासी तरुण को 70 प्रतिबंधित टैबलेट और 333 ग्राम नशीले मिश्रण के साथ पकड़ा था। 26 जुलाई को ई-रिक्शा के माध्यम से नशा सप्लाई करने वाले आरोपी से 18 प्रतिबंधित टैबलेट और 591 ग्राम नशीला घोल बरामद किया गया था। 18 जुलाई को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से चल रही दुकान पर कार्रवाई कर 100 प्रतिबंधित नशीली गोलियां बरामद की थीं।