अंबाला। वल्लभगढ़ में हुए हत्याकांड के मामले में गृहमंत्री अनिल विज ने तीखे तेवर दिखाए हैं। विज ने कहा कि वल्लभगढ़ प्रकरण की जांच एसआईटी अब 2018 से करेगी। 2018 में बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाने के बाद ऐसी क्या नौबत आई कि उसके परिजनों ने खुद ही शपथ पत्र देकर केस वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि इस केस को भी पुनर्जीवित किया जाएगा। इतना ही नहीं विज ने यह भी साफ किया कि इस मामले की धर्म-परिवर्तन लव जिहाद की दृष्टि से भी जांच करवाई जाएगी।
विज ने साफ करते हुए कहा कि वल्लभगढ़ की घटना कांग्रेस के दबाव में हुई। आरोपी कांग्रेस नेताओं का रिश्तेदार है। कांग्रेस नेताओं के दबाव में ही 2018 में दर्ज करवाया मुकदमा परिजनों ने रद करवा दिया। गृहमंत्री ने कहा कि मैं एक बात साफ बता देना चाहता हूं कि मैं किसी की दबंगई नहीं चलने दूंगा। मैं सिसक-सिसक कर लड़कियों को मरने नहीं दूंगा। मैं इस प्रकार प्रदेश में किसी को दादागिरी करने नहीं दूंगा। जो भी यह लोग हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।