अंबाला शहर के बलदेव नगर में रविवार रात तीन युवकों ने फाइनेंसर में घर में घुसकर उस पर पिस्तौल तान दी। बदमाशों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए 50 हजार की रंगदारी मांगी।
फाइनेंसर ने बलदेव नगर पुलिस को इसकी शिकायत की है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन में से दो आरोपी काबू कर लिए हैं।
पुलिस चौकी प्रभारी करण सिंह राणा ने बताया कि बलदेव नगर में फाइनेंस का काम करने वाले अनिल फौजी ने बताया कि रात को उसके घर में तीन युवक गोलू, भोलू व मोगली घुस गए। वहां उन्होंने बातचीत करते-करते उस पर पिस्तौल तान दी और 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग करने लगे। इस दौरान उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
उसके बाद ये मौके की नजाकत को देखते हुए आरोपी वहां से फरार हो गए। पुलिस चौकी प्रभारी करण सिंह राणा के अनुसार शिकायतकर्ता की शिकायत पर तीनों आरोपियों गोलू, भोलू व मोगली के खिलाफ केस दर्ज कर गोलू व भोलू को काबू कर लिया है। जबकि तीसरा आरोपी फरार है।
लेबर इंस्पेक्टर समेत पांच फंसे
कैंट पुलिस ने एक लेबर इंस्पेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ फर्जी दस्तावेज तैयार कर कैंट के डीसी रोड पर एक जमीन को हड़पने के आरोप में केस दर्ज किया है।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता मोहम्मद खुर्शीद ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसकी डीसी रोड पर बांबे सांडी के नाम से दुकान है।
मगर इस दुकान की जमीन को कुछ लोगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर हड़पने की कोशिश की है। इन लोगों की साजिश में अंबाला का ही एक लेबर इंस्पेक्टर भी शामिल है।
पुलिस ने उसकी शिकायत पर मामले की गंभीरता को देखते हुए लेबर इंस्पेक्टर समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अभी इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी कर जाली दस्तावेज तैयार करने के आरोप में केस दर्ज किया है।